धोखाधड़ी मामले में फरार चल रहा वांछित बंदी
विद्युत तार चोरी में भी एक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
टांडा। धोखाधड़ी कर फर्जी दस्तावेज बनाने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे जेल भेज दिया गया। इसके अलावा विद्युत तार व इंसुलेटर चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गौरतलब है कि फर्जी दस्तावेज के माध्यम से इल्तिफातगंज के अंसारगंज मोहल्ला निवासी कृष्णकुमार पुत्र राधेश्याम ने एक भूखंड का बैनामा करा लिया था। मामला सामने आने पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। सोमवार को मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी फैजाबाद जनपद के महाराजगंज मयाबाजार में हैं और कहीं भागने के प्रयास में है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसओ मनोज कुमार पंत ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। एसओ ने बताया कि विद्युत तार व इंसुलेटर चोरी मामले में वांछित चल रहे अलीगंज थाना अंतर्गत दरियापुर गांव निवासी अब्दुल वाहिद पुत्र रहमतुल्लाह को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वाहिद ने 6 अप्रैल को अलीगंज थाना अन्तर्गत गोविंदपुर गांव निवासी सुरेंद्र पुत्र बनारसी के साथ मिलकर विद्युत तार व इंसुलेटर की चोरी की थी। सुरेंद्र की तलाश की जा रही है।