टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने मांगा जल्द समायोजन
कलेक्ट्रेट के निकट दिया धरना, बड़े आंदोलन की चेतावनी दी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबेडकरनगर। परिषदीय विद्यालयों में समायोजन की मांग को लेकर रविवार को टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने कलेक्ट्रेट के निकट धरना दिया। कहा गया कि लंबे समय से वे समायोजन की बाट जोह रहे हैं लेकिन उनकी सुध नहीं ली जा रही है। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही उनकी समायोजन प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष अरुण कुमार ने कहा कि टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की लंबे समय से उपेक्षा की जा रही है। पूर्व की सपा सरकार ने उनके साथ धोखा किया। समायोजन के बढ़-चढ़कर वादे व दावे के बावजूद समायोजन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। शुरुआत में महज कुछ टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का समायोजन कर अपनी जिम्मेदारी से इतिश्री कर ली। इसके बाद जब भी इसे लेकर आवाज बुलंद की गई तो सिर्फ आश्वासन ही दिया गया। कभी इसे लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई। इससे टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थी खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही समायोजन प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हुई, तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस दौरान कृष्णकुमार, लालजी, नीलम, प्रीति सिंह, बबिता, संजय, प्रवीण, केशवराम व घनश्याम आदि मौजूद रहे।