अंबेडकरनगर। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग उत्तर प्रदेश एवं सूक्ष्म, लघु मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग की ओर से सोमवार को जनपद स्तरीय अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अकबरपुर में आयोजित मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक टांडा संजू देवी एवं विशिष्ट अतिथि सैमुअल पॉल एन ने किया। विधायक ने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं के लिए यह मेला काफी उपयोगी है। युवाओं को इस तरह के आयोजनों में बढ़ चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। मेले में 137 अभ्यर्थी अप्रेंटिसशिप के लिए आए।
विधायक संजू देवी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के हितों को लेकर गंभीर है। युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के साथ ही सरकार तकनीकी शिक्षा प्रदान कर युवाओं को स्वरोजगारपरक बनाने का भी कार्य तेजी से कर रही है। कहा कि यह पहली सरकार है जिसमें इतने बड़े पैमाने पर युवाओं को तकनीकी शिक्षा देने के साथ ही अप्रेंटिसशिप का मौका प्रदान किया जा रहा है।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने मेले में विभागों द्वारा लगे स्टालों का अवलोकन किया। विभिन्न ट्रेडों जैसे इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रिकल, कोपा आदि के लगभग कुल 137 छात्रों के आवेदन अप्रेंटिसशिप के लिए आए। प्रशिक्षणार्थियों को अप्रेंटिसशिप मेले के बारे में जानकारी प्रदान की गई। कहा कि इसके माध्यम से आईटीआई के विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण लेने वाले युवा आगे बढ़ सकेंगे। प्रधानाचार्य ने बताया कि जिला स्तर के जितने भी अधिष्ठान हैं, वह राजकीय आईटीआई अंबेडकरनगर के माध्यम से अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर अपने अधिष्ठान का रजिस्ट्रेशन पूर्ण कराने में सहयोग कर रहे हैं। पूर्व में उन्हें पत्र लिखकर इसके लिए अगाह भी किया गया था।
बताया कि जिले के समस्त शिक्षार्थियों को अधिक से अधिक अधिष्ठान में योजित कराने का प्रयास चल रहा है, ताकि एनएपीएस एवं सीएमएपीएस की संयुक्त रूप से संचालित अप्रेंटिसशिप योजना को सफल बनाया जा सके। साथ ही इसके माध्यम से अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार का एवं व्यवहारिक ज्ञान का एक सुनहरा अवसर प्रदान किया जा सके। विधायक संजू देवी व डीएम ने कहा कि इससे युवाओं को आगे बढ़ने का निश्चित रूप से अवसर प्राप्त होगा।