अंबेडकरनगर। निलंबित सुभाष गन हाउस से असलहों की सुपुर्दगी को लेकर उठे विवाद के बाद सोमवार को प्रशासन ने कार्रवाई पूरी कर ली। टांडा नगर स्थित गन हाउस में जमा 136 असलहे और 16,051 खोखा कारतूस पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिए। यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।
जिलाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर शासन ने बीते 16 नवंबर को सुभाष चंद्र वर्मा के गन हाउस का लाइसेंस निलंबित कर दिया था। साथ ही संबंधित प्रक्रिया पूरी करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था।
सोमवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट थनीगैयारासन टी., एसडीएम टांडा संजीव कुमार और सीओ प्रदीप सिंह चंदेल की मौजूदगी में असलहों की सुपुर्दगी हुई। पुलिस ने 13 एनपी बोर राइफल, 13 एनपी बोर रिवॉल्वर/पिस्टल, 12 बोर की 46 डबल बैरल और 64 सिंगल बैरल बंदूकों के साथ 16,051 खोखा कारतूस कब्जे में लिए।
गौरतलब है कि इससे पहले असलहे लेने पहुंचे नायब तहसीलदार और उपनिरीक्षक को गन हाउस संचालक के भाई व टांडा ब्लॉक प्रमुख सुरजीत वर्मा ने कार्रवाई के तरीके पर आपत्ति जताते हुए सक्षम अधिकारियों की मौजूदगी की मांग की थी। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने असलहों को पुलिस अभिरक्षा में लेने की पुष्टि की है।