.जलालपुर के प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर प्रथम में रविवार को बूथ का निरीक्षण करते प्रभारी मंत्री
अंबेडकरनगर। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए जिले में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान अपराह्न चार बजे तक फॉर्म-6 के कुल 13,536 आवेदन प्राप्त हुए। यह संख्या 28 नवंबर को आयोजित अभियान के मुकाबले 3,939 अधिक है।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में कटेहरी 3,241 आवेदनों के साथ पहले स्थान पर रहा। जलालपुर में 2,889, अकबरपुर में 2,878, टांडा में 2,278 और आलापुर में 2,250 लोगों ने नए मतदाता बनने के लिए आवेदन किया। इससे पहले 28 नवंबर को जिले में कुल 9,597 आवेदन प्राप्त हुए थे।
अभियान के दौरान प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर प्रथम स्थित बूथ संख्या 176 और 177 का निरीक्षण किया। उन्होंने लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया ने अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।