पटेल नगर तिराहा पर लोगों को कपड़े के थैले वितरित करती पालिका की टीम।
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका द्वारा बृहस्पतिवार को सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रभारी अधिशासी अधिकारी (ईओ) विशाल सारस्वत के निर्देशन में आईईसी और स्वच्छ भारत मिशन की टीम ने बस स्टॉप से लेकर पटेल नगर चौराहे तक लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान नागरिकों और दुकानदारों को कपड़े के थैले और पंपलेट वितरित किए गए। साथ ही सभी को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की शपथ दिलाई गई। प्रभारी ईओ ने बताया कि प्लास्टिक न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि जल निकासी (नालों) को भी अवरुद्ध कर देता है।
उन्होंने लोगों से जूट और कपड़े के थैलों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति के अध्यक्ष व सभासद अशोक गुप्ता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक हृदयानंद यादव, जसवंत सिंह यादव, आशीष शुक्ला और ज्ञान सिंह सहित कई विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।