अंबेडकरनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 18 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा को लेकर जिले में परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर लिया गया है।
बोर्ड ने मंगलवार को केंद्रों की सूची पर मुहर लगा दी है। कुल 114 परीक्षा केंद्र अंतिम रूप से तय किए गए हैं, जहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं कराई जाएंगी।
यूपी बोर्ड की ओर से जिले के 378 विद्यालयों में से 95 केंद्रों का चयन करते हुए पहली सूची जारी की गई थी, जिस पर 135 आपत्तियां आई थीं। इन आपत्तियों का निस्तारण करते हुए डीआईओएस कार्यालय ने 114 केंद्रों का प्रस्ताव तैयार कर शासन को रिपोर्ट भेजी थी। इन केंद्रों को ही अनंतिम सूची में प्रस्तावित किया गया था।
सूची में केवल वे विद्यालय शामिल किए गए हैं, जो शासन के निर्धारित मानकों को पूरा करते हैं। मंगलवार को परिषदीय केंद्र निर्धारण समिति की बैठक में अनुमोदन के बाद अंतिम सूची जारी की गई है। परीक्षा केंद्रों की सूची परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड कर दी गई है।
पहुंची 83000 उत्तर पुस्तिकाएं : यूपी बोर्ड परीक्षा संपन्न कराने के लिए उत्तर पुस्तिकाएं आ रही है। उत्तर पुस्तिकाओं की पहली खेप शहर स्थित बीएन इंटर कॉलेज पहुंच गईं हैं। यहां सुरक्षित रखवा दिया गया। इसमें इंटरमीडिएट की 83,000 ए उत्तर पुस्तिकाएं हैं। जल्द ही उत्तर पुस्तिकाओं को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा दूसरी खेप में हाईस्कूल की आना बाकी है।