अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में कोरोना से बचाव को टीका लगवाता नागरिक।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिले में कोरोना टीकाकरण अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा। अधिक से अधिक नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लग सके, इसके लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 22 केंद्रों पर 25 बूथ बनाए गए थे। 3 हजार नागरिकों को टीका लगाए जाने के लक्ष्य की तुलना में इस बीच 1127 नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लगाया गया। उधर, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए टीकाकरण अभियान को सफल बनाएं। बढ़-चढ़कर संबंधित बूथों पर पहुंचकर टीका जरूर लगवाएं।
कोरोना को फैलने से रोकने के लिए जिले में टीकाकरण अभियान लगातार जारी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार ने बताया कि शुक्रवार को जिले में 22 केंद्रों के 25 बूथों पर टीकाकरण महाअभियान चला। कुल 3 हजार नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लगाया जाना था। इसकी तुलना में 1127 लोगों को टीका लगाया गया। नागरिकों को टीका लगवाने में किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए कुल 125 स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती बूथों पर की गई थी।
टीकाकरण अभियान के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह ध्यान रखा गया। सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन कराया गया। सीएमओ ने बताया कि कोरोना के प्रकोप को रोकने के लिए टीका लगवाना अत्यंत जरूरी है। ऐसे में न सिर्फ खुद टीका लगवाएं, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जागरूकता व एकजुटता के आधार पर ही कोरोना से जंग जीती जा सकती है।