अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 15 शहजादपुर की लगभग 10 हजार की आबादी के लिए बड़ी खुशखबरी है। अमृत योजना के तहत संबंधित वार्ड के नागरिकों को 24 घंटे निर्बाध रूप से शुद्ध पेयजल की सप्लाई मुहैया होगी। अमृत योजना के ट्रायल के लिए चुने गए शहजादपुर का वार्ड नंबर 15 में इसके तहत 10 करोड़ की लागत से नए सिरे से अंडरग्राउंड नॉन लिकेज पाइप लाइन बिछाने के साथ ही नए पानी के कनेक्शन भी दिए जाएंगे। कार्य योजना से जुड़ी सभी औपचारिकताओं को जल्द ही पूरा कराया जाएगा।
नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत क्षेत्र के नागरिकों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए केंद्र सरकार द्वारा अमृत योजना का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत अंडरग्राउंड पाइप लाइन बिछाकर घर घर कनेक्शन दिए जाने का प्राविधान है। जिले में अकबरपुर नगर पालिका परिषद में प्रथम चरण में लगभग 85 करोड़ रुपये की लागत से न सिर्फ ओवरहेड टैंक व ट्यूबवेल की स्थापना के साथ ही अंडरग्राउंड पाइप लाइन बिछा कर घर घर कनेक्शन दिया जा रहा है।
अब शासन ने नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत क्षेत्र के नागरिकों को अमृत योजना के तहत ही 24 घंटे निर्बाध रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। योजना के तहत जिले में प्रथम चरण में अकबरपुर नगर पालिका परिषद के वार्ड 15 शहजादपुर को चयनित किया गया है। सहायक अभियंता जलनिगम विवेक कुमार ने बताया कि कार्ययोजना के तह करीब 10 करोड़ के खर्च से अंडरग्राउंड नॉन लिकेज लोहे की पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
दूर होगी पेेयजल समस्या
शहजादपुर के सभासद ललित मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि योजना का सीधा फायदा वार्ड से जुड़ी आबादी को मिलेगा। इससे शुद्ध पेयजल की समस्या भी पूरी तरह दूर हो सकेगी। छेटेलाल व रेहान अंसारी ने कहा कि वार्ड के हित में शासन का यह प्रयास काफी सराहनीय है। वार्ड निवासी निरंजन कनौजिया व अशफाक ने बताया कि अभी तक दिन भर में सिर्फ कुछ घंटे ही पानी की सप्लाई होती है। इस योजना के क्रियान्वयन बाद 24 घंटे पेयजल सप्लाई मिल सकेगी।
सर्वे कार्य पूरा, भेजी रिपोर्ट
योजना के तहत सर्वे का कार्य बीते दिनों ही पूरा कर लिया गया। इसकी पूरी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। इस पर स्वीकृति मिलने के बाद ही योजना के तहत होने वाले वाले कार्य को प्रारंभ कराया जाएगा।
सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता जलनिगम, अयोध्या मंडल