अंबेडकरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिले के विभिन्न थानों में अब तक जहां 20 से अधिक अभियुक्तों के विरुद्घ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है, वहीं करीब 40 से असामाजिक तत्वों पर मिनी गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा चुनाव में खलल डालने वालों को पुलिस टीम तेजी से चिह्नित कर रही है। अब तक करीब 10 हजार से अधिक नागरिकों को शांतिभंग की आशंका में पाबंद किया जा चुका है।
पंचायत चुनाव की घोषणा होने के साथ ही एसपी आलोक प्रियदर्शी के निर्देश पर पुलिस टीम सक्रिय हो गई है। लगातार वांछितों की गिरफ्तारी के साथ ही गैंगेस्टर व गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जाए रही है। साथ ही चुनाव में खलल डालने वालों की निशानदेेही कर उनके विरुद्घ शांतिभंग में पाबंद किया जा रहा है। एसओ बसखारी श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि अब तक 6 अभियुक्तों के विरुद्घ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा 25 लोगों के विरुद्घ मिनी गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही शांतिभंग की आशंका में 800 नागरिकों को अब तक पाबंद किया जा चुका है।
जलालपुर सर्किल के सभी थानों में अब तक 3280 नागरिकों को शांतिभंग की आशंका में पाबंद किया गया है। सीओ केके शुक्ल ने बताया कि एसपी आलोक प्रियदर्शी के निर्देश पर असामाजिक तत्वों के विरुद्घ कार्रवाई जारी है। शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव निपटाने के लिए मालीपुर पुलिस ने अब तक 1100, जलालपुर कोतवाली ने 1180, जैतपुर ने 350, कटका पुलिस ने 650 नागरिकों को शांतिभंग की आशंका में पाबंद किया है। यह कार्रवाई आगे भी जारी है।
महरुआ एसओ शंभूनाथ ने बताया कि लोकनाथपुर निवासी अजय सिंह सिपाही को 6 माह के लिए जिला बदर किया गया है। साथ ही पतौना निवासी महेंद्र यादव के विरुद्घ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा शांतिभंग की आशंका में 800 नागरिकों को पाबंद किया गया है।
आलापुर थाना पुलिस ने अब तक 300 नागरिकों को शांतिभंग की आशंका में पाबंद किया है। राजेसुल्तानपुर पुलिस ने अब तक 2200 नागरिकों को पाबंद किया है। इसके अलावा 10 से अपराधियों के विरुद्घ गुंडा एक्ट की कार्रवाई प्रचलित है। भीटी में शांतिभंग की आशंका में 1200 नागरिकों को पाबंद किया गया है। 3 के विरुद्घ गुंडा एक्ट व 40 के विरुद्घ मिनी गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई जारी है। अब तक 10 हजार से अधिक नागरिकों को पाबंद किया जा चुका है।
लगातार की जा रही कार्रवाई
पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। चुनाव में खलल डालने वाले संभावित असामाजिक तत्वों को जहां पाबंद किया जा रहा है, वहीं अपराधियों पर नकेल कसने के लिए गुंडा एक्ट व जिला बदर की भी कार्रवाई की जा रही है।
-संजय कुमार राय, एएसपी