अंबेडकरनगर। बेसिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) जूनियर हाईस्कूलों में शिक्षकों की कमी जल्द दूर होगी। निदेशालय ने जिले के तीन विद्यालयों के लिए प्रधानाध्यापकों और समाजिक विज्ञान, संस्कृत, विज्ञान अथवा गणित, हिंदी समेत सात सहायक अध्यापकों की सूची बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेज दी है।
इन पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया वर्ष 2018 में शुरू हुई थी। आयोग की ओर से इसकी परीक्षा वर्ष 2021 में आयोजित की गई लेकिन कानूनी अड़चनों और मामला न्यायालय में होने के कारण नियुक्तियां अधर में लटकी रहीं। अब न्यायालय से हरी झंडी मिलने के बाद निदेशालय ने विद्यालयवार आवंटन सूची जारी कर दी है। बीएसए शैलेश कुमार पटेल ने कहा कि लंबे समय से रिक्त चल रहे इन पदों पर शिक्षकों की तैनाती से विद्यालयों के शैक्षणिक स्तर में बड़ा सुधार आएगा। विद्यालय प्रबंधकों को तत्काल नियुक्ति पत्र जारी कर पद भार ग्रहण कराने के निर्देश दिए हैं।
इनको मिली यहां तैनाती
बाबा प्रेमदास जूनियर र्हास्कूल पट्टी मुइय्यन कटघरमूसा में रमापति मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद को जय राम वर्मा जूनियर हाईस्कूल नाऊसांडा केदारनगर, आकाश यादव को चौधरी खरगू प्रसाद लक्ष्मण प्रसाद जूनियर हाईस्कूल पकड़ी भोजपुर में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात किया गया है। इसके अलावा गणेश नाथ द्विवेदी को किसान राष्ट्रीय जूनियर हाईस्कूल गौहन्ना अकबरपुर, सौरभ पांडेय व रीना पटेल को स्व. श्रीराम लघु माध्यमिक विद्यालय दौलतपुर महमदपुर, रामनारायण विद्या मंदिर शाहपुर मनियारी पट्टी में आदर्श सिंह व विकास वर्मा, बाबा प्रेमदास जूनियर र्हास्कूल पट्टी मुइयन कटघरमूसा में दिनेश कुमार यादव, प्रेम सागर प्रजापति को आदर्श जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय मौलना रसूलपुर को सहायक अध्यापक के पद पर तैनाती मिली है।