अंबेडकरनगर। परिषदीय स्कूलों की व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए गुरुवार को जिले में बड़ा अभियान चला। डीएम सैमुअल पॉल एन की विशेष कार्ययोजना पर जिलास्तरीय अधिकारियों समेत शिक्षा विभाग के अधिकारियों व विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की टीम ने 1582 स्कूलों का एक साथ औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 10 शिक्षक व शिक्षामित्र अनुपस्थित पाए गए। इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए वेतन पर रोक लगा दी गई है।
ग्रीष्मावकाश के बाद परिषदीय स्कूल बीती 16 जून से फिर खुले हैं। स्कूल खुले हुए लगभग एक पखवाड़ा बीतने पर डीएम ने हकीकत परखने का निर्णय लिया। उन्होंने इसके लिए 30 जून को सभी परिषदीय स्कूलों की आकस्मिक जांच की कार्ययोजना तैयार की। डीएम के निर्देश के अनुरूप गुरुवार को विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम, बीडीओ, बीईओ के अलावा कई अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम अलग-अलग स्कूलों के निरीक्षण को पहुंच गई।
सभी 1582 परिषदीय स्कूलों की जांच में खास बात यह सामने आई कि ज्यादातर स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति ठीकठाक मिली। इस दौरान कुल 10 शिक्षक व शिक्षामित्र अनुपस्थित पाए गए। बीएसए बीपी सिंह ने इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए वेतन पर रोक लगा दी है।