अंबेडकरनगर। नगर पालिका अकबरपुर के 25 में से 10 वार्डों में 10 नए सबमर्सिबल पंप लगाकर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुधारी जाएगी। इसके लिए पालिका प्रशासन की ओर से भेजे गए एक करोड़ रुपये का प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए शासन ने पहली किस्त के रूप में 50 लाख रुपये जारी कर दिए हैं। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अकबरपुर को जब नगर पालिका घोषित किया गया था तो उस समय मीरानपुर, शहजादपुर, शाहजहांपुर और मुरादाबाद आदि मोहल्ले इसका हिस्सा बने थे। समय बीतने के साथ आबादी बढ़ी और वार्डों की संख्या 25 पहुंच गई। निकाय के गठन से लेकर अब तक 10 अध्यक्ष यहां जनता से चुनकर आ चुके हैं। इसके साथ ही तेजी से नगर में विकास कार्य कराए गए। सड़क, नाली, खडंजा का निर्माण कराया गया। जलापूर्ति के लिए नगर में पानी की पाइपलाइन बिछाई गई। समय बीतने के साथ ही आबादी और मोहल्लों की संख्या बढ़ी। मोहल्ले का क्षेत्रफल बढ़ने से आबादी के आखिरी छोर तक पानी न पहुंचने की समस्या नागरिकों को झेलनी सबमर्सिबल पंप लगाने की कार्ययोजना बनी है।
इन 10 वार्डों में लगाए जाएंगे सबमर्सिबल
नगर के वार्ड नंबर एक नेहरूनगर, दो गौसपुर, तीन शिवबाबा, चार सदरपुर, पांच संघतिया, छह रसूलाबाद, सात विजयगांव, आठ नासिरपुर बरवां, नौ राबीपुर बहाउद्दीपुर और 10 नंबर वार्ड अहरिया में 10 सबमर्सिबल पंप लगाए जाने हैं। इनके लगने के बाद वार्ड की 50 हजार आबादी को बेहतर जलापूर्ति मिलने लगेगी।
शहर के लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें पंप हाउस से लेकर पाइपलाइन डालने का कार्य होगा। -बीना सिंह, ईओ