दो दिन पहले गदाईपुर के पास रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात युवक के क्षत-विक्षत शव की मंगलवार को शिनाख्त हो गई। मृतक की पहचान सेमरी चौराहा निवासी अजय कुमार जायसवाल (38) के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
15 अगस्त की सुबह गदाईपुर स्थित रेलवे ट्रैक पर एक युवक का ट्रेन से कटा हुआ शव मिला था। पुलिस ने शव की शिनाख्त न होने पर उसे पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया था। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक अजय कुमार 15 अगस्त को घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। सोमवार रात उसके बड़े भाई शिवरतन जायसवाल ने मऊआइमा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। मंगलवार सुबह परिजनों को रेलवे ट्रैक पर मिले शव के बारे में जानकारी हुई। थाने पहुंचकर उन्होंने शव की शिनाख्त की और बताया कि वह जन्म से ही मूक-बधिर था। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया है कि मृतक मूक-बधिर होने से वह ट्रेन की आवाज नहीं सुन सका और हादसे का शिकार हो गया होगा।