कोरांव। मृतक आशीष सिंह, फ़ाइल फोटो
थाना क्षेत्र के बदौआ पाल गांव में शनिवार शाम ट्रैक्टर पलटने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही रविवार सुबह उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
बदौआ पाल गांव निवासी आशीष सिंह (19) पुत्र पिंटू सिंह शनिवार को अपने खेत की जुताई करने गया था। शाम करीब 5 बजे जुताई का काम पूरा कर वह ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहा था। घर से लगभग 50 मीटर पहले एक मोड़ पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में आशीष ट्रैक्टर के नीचे दब गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आशीष को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला और एक निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक आशीष दो भाइयों में बड़ा था। हादसे की सूचना मिलने पर सीएचसी पहुंची उसकी मां बिटोला देवी बदहवास हो गईं। परिजनों ने शनिवार शाम को पुलिस को सूचित किए बिना ही शव घर ले लिया। आशीष का अंतिम संस्कार रविवार सुबह गांव में ही किया गया।