मेजा के बलुहा गांव में कच्ची शराब बनाए जाने के विरोध में प्रदर्शन करतीं महिलाएं। संवाद
कच्ची शराब के विरोध में मेजा के बलुहा गांव की महिलाओं ने प्रदर्शन किया। सूचना पर मौके पर पहुंची इलाकाई पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर आक्रोशित महिलाएं शांत हुईं। फिलहाल महिलाओं ने अभियान चलाकर बलुहा में बड़े पैमाने पर बनाई जा रही कच्ची शराब को बंद कराने का संकल्प लिया है।
सोमवार को मेजा थाना क्षेत्र के बलुहा गांव की एक दर्जन से अधिक महिलाएं सड़क पर आकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि गांव में बनाई जा रही कच्ची शराब को तत्काल बंद कराया जाए। महिलाओं ने बताया कि गांव में कच्ची शराब बनाए जाने से उनके पति प्रतिदिन शराब पीकर घर में तांडव मचाते हैं।
यहां तक कि आरोप है कि घर का खाद्यान्न बेचकर शराब खरीदते हैं। इतना ही नहीं बच्चे भी खराब हो रहे हैं। विरोध करने पर महिलाओं से मारपीट की जाती है। गांव की पूजा, राधा, शकुंतला ने बताया कि अभियान के तहत पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी तो बड़े पैमाने पर आंदोलन छेड़ा जाएगा।
महिलाओं द्वारा उठाए गए कदम को गंभीरता से लिया गया है। कच्ची शराब बनाए जाने का काम पूरी तरह से बंद कराया जाएगा। इसके लिए मेजारोड पुलिस चौकी के दरोगा को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। -बृजेश पाठक, एसीपी मेजा