राजस्थान से सोना चुराकर भागे दो युवक पकड़े गए
0 चोरी किया सोना लेकर भुवनेश्वर राजधानी से आ रहे युवक को उतारा गया जंक्शन पर
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। राजस्थान के श्रीगंगानगर से 140 ग्राम सोना चोरी कर भुवनेश्वर राजधानी से भागे दो युवक बृहस्पतिवार को आरपीएफ के हत्थे चढ़ गया। प्रयागराज जंक्शन पर आरपीएफ ने युवक के पास से सोना और नकदी बरामद की। यहां उससे पूछताछ भी की जा रही है। साथ ही राजस्थान पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई है। सूचना मिलने के बार राजस्थान पुलिस युवक की गिरफ्तारी के लिए प्रयागराज पहुंच रही है।
आरपीएफ प्रयागराज मंडल की टीम को खबर मिली थी कि पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर के कानपुर गांव का रहने वाला इंद्रजीत पुत्र विष्णुपदा राजस्थान के श्रीगंगानगर स्थित एक आभूषण की दुकान में काम करता है। वहां से वह दुकानदार देवेंद्र सोनी पुत्र निवासी पुरानी धान मंडी श्रीगंगानगर के यहां से 140 ग्राम सोना लेकर भाग निकला। बताया जा रहा है कि युवक श्रीगंगानगर से दिल्ली पहुंचा और वहां से भुवनेश्वर राजधानी पकड़ कर बंगाल के लिए निकला। इसकी सूचना कानपुर में तैनात आरपीएफ एसआई अमित द्विवेदी को दी गई। उन्होंने राजधानी एक्सप्रेस में अपनी टीम लगा दी। इस दौरान सभी कोच की जांच करने के बाद मालूम पड़ा कि युवक बी-4 कोच की बर्थ संख्या में 25 एवं 28 में अपने भाई विश्वजीत के साथ सफर कर रहा है। ट्रेन के प्रयागराज जंक्शन पर आरपीएफ ने इंद्रजीत और उसके भाई को यहां उतार लिया। एक के पास 52 ग्राम तो दूसरे के पास 15 ग्राम सोना बरामद हुआ। इसके अलावा इंद्रजीत के पास 24500 और विश्वजीत के पास 18 हजार रुपये बरामद हुए। आरपीएफ एसआई अमित द्विवेदी ने बताया कि राजस्थान पुलिस को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। सूचना पाकर पुलिस प्रयागराज आने के लिए वहां से निकल चुकी है।