कैंट थाने में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई जब वहां मौजूद एक महिला युवक को चप्पलों से पीटने लगी। खास बात यह है कि इस दौरान पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। दरअसल क्षेत्र में रहने वाली एक 13 वर्षीय किशोरी एक महीने पहले रहस्यमय हालात में लापता हो गई। एक दिन पहले पजिरनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। उधर दोपहर में महिला अधिकार संगठन की कार्यकर्ता थाने पहुंचीं और कार्रवाई न होने का आरोप लगाया।
परिवारवालों के शक जताने पर पुलिस कैंट में ही रहने वाले एक युवक को हिरासत में लेकर थाने लाई। अभी पूछताछ शुरू ही हुई थी संगठन की कार्यकर्ता ने उस पर चप्पलों की बरसात कर दी। आरोप है कि इस दौरान कई दरोगा व सिपाही भी मौजूद रहे। इस बारे में कैंट इंस्पेक्टर संजय द्विवेदी का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर एक दिन पहले ही मुकदमा लिखकर तलाश शुरू कर दी गई है। पूछताछ के लिए लाए गए युवक से महिलाआें की नोकझोंक हुई थी लेकिन पिटाई की बात गलत है।