बड़गांव चौकी क्षेत्र के बीरापुर पूरा गांव निवासी अनिल कुमार सरोज ने तीन युवकों पर रास्ते में रोककर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और जेब से रुपये निकालने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
अनिल कुमार सरोज के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह अपनी गोमती बंद करके दुकान के लिए सामान खरीदने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही तीन युवकों ने नशे की हालत में पहुंचा और उसे रोककर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी और उसकी जेब में रखे दो हजार रुपये भी निकाल लिए।
मारपीट में अनिल के गले में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने सोरांव थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी सोरांव दीन दयाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।