प्राधिकरण की कालिंदीपुरम में मौसम विहार आवास योजना, जागृति विहार, नैनी में यमुना विहार के साथ एक दर्जन से अधिक पुरानी आवासीय योजनाओं में विभिन्न आय वर्गों के रिक्त भवन चिह्नित किए गए हैं। इसमें ईडब्ल्यूएस, एलआईजी, एमआईजी के साथ टू और थ्री बीएचके फ्लैट शामिल होंगे। इनकी कीमत दस से 50 लाख के बीच होगी, लेकिन सर्वाधिक भवन 35 से 40 लाख रुपये के बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। खास यह है कि इन भवनों को पूर्व की दरों पर बिक्री के लिए फिर से तैयार किया जा रहा है। साफ है कि सभी भवनों को मरम्मत और रंगरोगन के बाद आवंटियों को देने की तैयारी है।
प्रयागराज विकास प्राधिकरण के नवागत उपाध्यक्ष अरविंद चौहान ने करीब सवा महीने में दशकों पुरानी समस्याओं को चिह्नित कर निस्तारित करने का बीड़ा उठाया। इसके तहत पिछले महीने सात दिन समाधान दिवस आयोजित कर आवंटियों की शिकायतें दर्ज की गई थीं। अब उनका क्रमवार निस्तारण किया जा रहा है। करीब सात सौ आवंटियों को चिह्न्ति किया गया जो आवंटन के बाद रकम जमा कर कब्जे के लिए प्राधिकरण के चक्कर काट रहे हैं। इन मामलों के निस्तारण की रूपरेखा तैयार है, सिर्फ कार्रवाई बाकी है, जो एक महीने में पूरी कर ली जाएगी।
पीडीए की आवासीय योजनाओं के रिक्त भवनों के साथ कुछ नई योजनाओं के फ्लैट लोगों को पारदर्शी आवंटन प्रक्रिया के तहत दिए जाएंगे। शासन के निर्देश पर आवंटन नियमों का पालन किया जाएगा। कुछ वर्गों के लिए विशेष छूट का भी प्राविधान किया जाएगा। दिवाली तक मिशन संगम के इस अभियान का आगाज होगा।- अरविंद चौहान, उपाध्यक्ष प्रयागराज विकास प्राधिकरण