इलाहाबाद जंक्शन पर शुक्रवार की दोपहर एक युवक की जान बाल-बाल बच गई। चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में युवक फिसल गया और ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गया। हालांकि इस हादसे से उसके एक पैर की उंगली टूट गई। जंक्शन पर आकर रेलवे के डॉक्टरों की टीम ने उसका प्राथमिक इलाज किया। बाद में युवक को उसके मित्र वहां से ले गए।
यूपी के फिरोजाबाद निवासी दिनेश कुमार व्यापार के सिलसिले में इलाहाबाद आया हुआ था। दोपहर में वह सियालदाह-अजमेर एक्सप्रेस पकड़ने के लिए इलाहाबाद जंक्शन पहुंचा। प्लेटफार्म नंबर तीन पर वह ट्रेन का इंतजार कर रहा था। दिन में एक बजे जैसे ही ट्रेन पहुंची। ट्रेन अभी प्लेटफार्म पर रुकने ही वाली थी कि उसके जनरल कोच में चढ़ने के लिए दिनेश भागा। दिल्ली छोर पर ट्रेन पर चढ़ने के प्रयास के दौरान उसका पैर फिसला और वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गया। राहत भरी बात यह रही कि हादसे के वक्त ट्रेन की स्पीड काफी धीमी थी और वह चंद सेकंड बाद रुक भी गई।
मौके पर आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने उसे बाहर निकाला। इस बीच जीआरपी इंसपेक्टर मनोज कुमार ने स्टेशन प्रबंधक और रेलवे अस्पताल में इसकी सूचना दे दी। थोड़ी ही देर में रेलवे अस्पताल की डा. शालिनी मेडिकल टीम के साथ वहां पहुंच गई। प्राथमिक उपचार के दौरान पाया गया कि युवक के पैर की उंगली टूट गई है। बाद में युवक के कुछ परिचित लोग जंक्शन पर पहुंचे और लिखापढ़ी के बाद उसे वहां से ले गए।