यौन संबंधों, दुष्कर्म व अन्य गंभीर अपराधों में फंसने वाले बाबाओं पर कुंभ मेला प्रशासन का शिकंजा कसने लगा है। सेक्स स्कैंडल में फंस चुके बंगलूरू के स्वयंभू बाबा स्वामी नित्यानंद व दुष्कर्म में फंसे क्रिया योग आश्रम के संस्थापक योगी सत्यम के विरुद्ध आपराधिक शिकायतों के रिकॉर्ड तलब किए गए हैं। बाबा नित्यानंद को भूमि आवंटित किए जाने के बाद सुविधा पर्ची पर रोक लगा दी गई है।
इनके अलावा दुष्कर्म के आरोपों फंसे क्रियायोग आश्रम एवं अनुसंधान संस्थान झूंसी के संस्थापक योगी सत्यम पर लगे आरोपों की जांच रिपोर्ट पुलिस से मंगाई गई है। इसके बाद उनकी भूमि सुविधा निरस्त करने की तैयारी शुरू हो गई है। सेक्स स्कैंडल मामले से वर्ष 2010 में चर्चा में आए नित्यानंद की संस्था ध्यान योग पीठम को मेला क्षेत्र के सेक्टर 15 में भूमि आवंटित है।
पुराने रिकॉर्ड के आधार पर उनको वहां शिविर लगाने के लिए जमीन दी गई थी, लेकिन इनके खिलाफ मिली शिकायतों को लेकर अब मेला प्रशासन ने दिव्य कुंभ की छवि खराब होने की आशंका से कदम पीछे खींचने शुरू कर दिए हैं। आठ वर्ष पहले बाबा नित्यानंद सेक्स स्कैंडल मामले में जेल जा चुके हैं।
बंगलूरू के योग गुरु नित्यानंद और झूंसी के क्रिया योग गुरु योगी सत्यम के विरुद्ध मिले शिकायती पत्रों का परीक्षण कराया जा रहा है। इनके खिलाफ लगे आरोपों की जांच रिपोर्ट और मुकदमों का विवरण पुलिस से मंगाया गया है। परीक्षण के आधार पर ही इनको भूमि आवंटन पर निर्णय लिया जाएगा।
- विजय किरन आनंद, कुंभ मेलाधिकारी