कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने रविवार को कहा कि मार्च 2021 तक योगी सरकार 20 लाख नई इकाइयों को लोन देगी। उनके अनुसार 20 लाख इकाइयों को लोन देने से कम से कम प्रदेश में 40 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। अभी प्रदेश में एमएसएमई के तहत 7.50 लाख इकाइयों को लोन दिया जा चुका है। इसके तहत करोड़ों रुपये का लोन वितरित किया जा चुका है।
राजापुर स्थित अपने आवास पर हुई बातचीत में सिद्धार्थ नाथ ने कहा कि एमएसएमई के तहत प्रदेश में दस हजार करोड़ रुपये का और लोन वितरित करने की योजना है। उन्होंने दावा किया कि इस बार दिवाली के मौके पर बाजार में एक भी लक्ष्मी, गणेश एवं अन्य भगवान की मूर्ति-चाइना में निर्मित वाली नहीं मिलेगी।
सब्जियों के बढ़ते दाम पर सिद्धार्थ नाथ ने कहा कि बारिश के मौसम में हर वर्ष सब्जियों के दाम बढ़ते हैं। सरकार की सब्जियों के बढ़ते दाम पर नजर है। शीघ्र ही सब्जियों के दाम कम हो जाएंगे। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री ने राहुल गांधी के हाल के बयानों पर तंज कसते हुए कहा कि लगता है कि वह खुद डायपर से बाहर आना नहीं चाहते हैं।