निकाय चुनाव में अपना परचम लहराने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल, राज्यसभा सदस्य ओम माथुर, सांसद कलराज मिश्र, कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन के बाद चुनाव प्रचार में दम भरने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इलाहाबाद पहुंच रहे हैं। सीएम योगी यहां 22 नवंबर को एक चुनावी सभा संबोधित करेंगे। सीएम योगी के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी अपने गृहनगर में दमखम दिखाएंगे। केशव यहां 24 नवंबर को शहर की तीनों विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगे।
सीएम योगी की चुनावी सभा के लिए भाजपा नेताओं की एक बैठक पार्टी कार्यालय में सोमवार को हुई। बैठक में नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्त ने बताया कि सीएम लखनऊ से वायुयान द्वारा 22 नवंबर को इलाहाबाद पहुंचेंगे। यहां सुबह 11 बजे भारत स्काउट गाइड इंटर कालेज के प्रांगण में वे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। बैठक में कुंज बिहारी मिश्र, राजेश निषाद, पवन श्रीवास्तव, आशीष गुप्ता, शिवेंद्र मिश्र, श्याम चंद्र, विशाल अग्रवाल आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर केशव प्रसाद मौर्य के रोड शो को लेकर नगर अध्यक्ष ने बताया कि डिप्टी सीएम का रोड शो शुक्रवार 24 नवंबर को कटरा से शुरू होगा। जो अल्लापुर, बैहराना, पुरानी जीटी रोड, बहादुरगंज आदि इलाकों से होता हुआ शहर पश्चिम के खुल्दाबाद, चकिया आदि इलाकों तक जाएगा। उन्होंने बताया कि रोड शो को लेकर मंगलवार को पार्टी कार्यालय में एक बैठक भी बुलाई गई है।