इलाहाबाद (ब्यूरो)। राज्यपाल रामनाईक और प्रदेश सरकार के नेताओं के बीच एक बार फिर सियासी बोल तेज हो गए हैं। इस बार योग को लेकर विवाद है। राज्यपाल ने सीधे तौर पर तो किसी नेता पर टिप्पणी करने से मना कर दिया, लेकिन योग पर विवाद करने वाले नेताओं को छोटे दिलवाला बताकर उन्होंने आजम खां पर एक बार फिर हमला बोला। राज्यपाल ने कहा कि योग पर विवाद खड़ा करने वाले छोटे दिलवाले हैं। ऐसे लोगों पर किसी प्रकार की टिप्पणी करना वे उचित नहीं समझते।
सैम हिग्गिमबॉटम इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चर, टेकभनोलॉजी एंड साइंसेज (शियाट्स) में आयोजित एक समारोह में मंगलवार को आए राज्यपाल ने योग पर कैबिनेट मंत्री आजम खां की टिप्पणी की बाबत कुछ भी बोलने से मना कर दिया, लेकिन योग पर उन्होंने खुलकर चर्चा की। पत्रकारों से मुखातिब राज्यपाल ने कहा कि भारत में योग सदियों से स्वास्थ्य और मानसिक मजबूती का आधार रहा है। आज उसे पूरे विश्व ने स्वीकार किया और लोग लाभ ले रहे हैं। विश्व संगठनों ने योग दिवस का प्रस्ताव स्वीकार किया है। यह देश के लिए खुशी की बात है। इसका विरोध करने वाले छोटे दिल के लोग हैं। इनके बारे में कुछ भी कहना उचित नहीं होगा।
राज्यपाल ने शाहजहांपुर में पत्रकार की मौत का मामला गंभीर है। यह हत्या है या आत्महत्या इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निधन के अगले दिन ही वहां के पत्रकार मिले थे। इसके बाद मुख्यमंत्री से बात की थी लेकिन फिर महाराष्ट्र चले गए। राज्यपाल महाराष्ट्र से सीधे शियाट्स में आए थे। उन्होंने बताया कि वह लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री से फिर इस संबंध में बात करेंगे।