मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यमुनापार क्षेत्र में सूखे की समस्या को देखते हुए यमुनापार को बुंदेलखंड की तरह सुविधा देने की घोषणा की है। कुछ दिनों पहले ही बुंदेलखंड के दौरे से लौटे मुख्यमंत्री ने शनिवार को यहां चाका ब्लॉक स्थित इरातगंज हवाई पट्टी पर आयोजित जनसभा में सवा तीन अरब रुपये की लागत वाली योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता राशि बांटी और दांदूपुर में नवनिर्मित अभिनव समाजवादी विद्यालय का उद्घाटन किया। साथ ही चुनावी वर्ष में वादों की झड़ी लगा गए। इस दौरान उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं और जल्द ही कुछ नई योजनाओं के साथ इलाहाबाद लौटने का वादा किया।
सीएम ने कहा कि वह हाल ही बुंदेलखंड का दौरा कर लौटे हैं। वहां लोगों पेयजल के लिए तरस रहे हैं। इलाहाबाद में यमुनापार की भी यही हालत है। ऐसे में इलाहाबाद के लोगों को भी बुंदलेखंड की तरह राहत पैकेज मिलेगा। सीएम ने कहा कि वर्तमान में 45 लाख महिलाओं को समाजवादी पेंशन मिल रही है। इस बार 55 लाख महिलाओं को समाजवादी पेंशन मिलेगी। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए स्कूली बच्चों को लैपटॉप, लड़कियों को कन्या विद्याधन देने सहित महिलाओं को मिलने वाली समाजवादी पेंशन योजना के बारे में बताया।
कहा कि यमुनापार में बारा पावर प्लांट का काम पूरा होने के पर जिले को भरपूर बिजली मिलेगी। करछना पावर प्लांट का काम भी शीघ्र शुरू होने की बात कही। सीएम ने किसानों के कल्याण की शुरू की गई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में दूध का उत्पादन बढ़ा है। उनकी सरकार के प्रयास से ही प्रदेश में अमूल ने अपना प्लांट स्थापित किया। नतीजा कि किसानों को उनके दूध का उचित मूल्य मिलने लगा। बसपा और भाजपा पर निशाना साधते हुए बोले कि पूर्व की सरकार ने पत्थर की मूर्तियां बनवाईं। लोक सभा चुनाव के दो वर्ष बाद भी अच्छे दिन नहीं आए।
सीएम ने दावा किया कि उनकी सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में लोगों से किए अधिकांश वादे पूरे किए गए। सभी शिक्षामित्रों को प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के रूप में समायोजित किया गया। एंबुलेंस के साथ अस्पतालों में मरीजों के लिए सुविधाओं में इजाफा किया। उनकी सरकार ने प्रदेश में निवेश बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया। इससे पहले पूर्व सांसद रेवती रमण सिंह ने इलाहाबाद में अखिलेश सरकार की ओर से किए गए कार्यों को गिनाया। उन्होंने बताया कि शहर के चंद्रशेखर आजाद पार्क और हाथी पार्क सहित अन्य विकास कार्यों में मुख्यमंत्री व्यक्तिगत रुचि है।