बीएचएस के होली ट्रिनिटी स्कूल (एचटीएस) के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में शनिवार को एकेडमिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन से येलो हाउस ने 1040 अंक अर्जित करते हुए प्रतिष्ठित कॉक हाउस ट्रॉफी पर कब्जा किया। स्कूल में हुई प्रतियोगिता में ग्रीन हाउस ने येलो हाउस को कड़ी टक्कर देते हुए 1037 अंक हासिल किए, जबकि ब्लू हाउस 1020 अंक, रेड हाउस 927 अंक के साथ क्रमश: तीसरे एवं चौथे स्थान पर रहे।
मुख्य अतिथि इविवि के मध्य कालीन इतिहास विभाग के अध्यक्ष प्रो. योगेश्वर तिवारी ने विजेता हाउस को ट्रॉफी प्रदान की। इस मौके पर बीएचएस के प्रधानाचार्य डीए ल्यूक एवं एकेडमिक सुपरवाइजर सीबी ल्यूक मौजूद रहीं। कार्यक्रम में नर्सरी से आठवीं तक के बच्चों को उनके उत्कृष्ट सम्मानित किया गया। स्कूल की हेड मिस्ट्रेस रीना मंडल ने नर्सरी से प्रेप तक के बच्चों को पुरस्कृत किया। सीबी ल्यूक ने पहली से तीसरी कक्षा के विजेताओं एवं डीए ल्यूक ने कक्षा छह से आठ तक के विजेताओं को सम्मानित किया। हाउस कैप्टन एवं वाइस कैप्टन को ट्राफी मुख्य अतिथि प्रो. योगेश्वर तिवारी ने प्रदान किया।
एथलेटिक्स की प्रतिष्ठित ट्रॉफी ब्लू हाउस को मिली
0 स्कूल की प्रतिष्ठित एथलेटिक्स ट्रॉफी ब्लू हाउस को मिली, जबकि गर्ल्स एवं ब्वॉयज वर्ग की बैडमिंटन ट्रॉफी क्रमश: येलो एवं रेड हाउस को मिली। गर्ल्स एवं ब्वॉयज वर्ग की बास्केट बॉल ट्रॉफी क्रमश: येलो एवं ग्रीन हाउस को मिली। क्रिकेट ट्रॉफी येलो हाउस ने जीती, जबकि फुटबाल ट्रॉफी पर रेड हाउस ने कब्जा किया। गर्ल्स एवं ब्वॉयज वर्ग की हैंडबॉल ट्रॉफी ग्रीन हाउस को मिली। शैक्षिक सत्र के लिए उत्कृष्ट विद्यार्थी का सम्मान आठवीं की छात्रा आभा पांडेय को मिला। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद हेड मिस्ट्रेस रीना मंडल ने किया।