अग्नि अखाड़े में नहीं है संन्यास का प्रावधान
संन्यासियों के केवल छह अखाड़े महामंडलेश्वर बना सकते हैं। इनमें से तीन अखाड़े जूना, निरंजनी, महानिर्वाणी हैं। इसके अलावा तीन अखाड़े अटल, आनंद, आवाहन हैं, जो पहले तीन अखाड़ों की सहमति से अपने यहां महामंडलेश्वर बना सकते हैं।
संन्यासियों का सातवां अखाड़ा अग्नि अखाड़ा है। अग्नि अखाड़े में संन्यास का प्रावधान नहीं है, वहां सब ब्रह्मचारी होते हैं। यदि उनको संन्यास लेना होता है तो इन छह अखाड़ों में से चयन करते हैं। यही छह अखाड़े महामंडलेश्वर बनाने के लिए हैं।
उदासीन, निर्मल, वैष्णव वैराग्यों में महामंडलेश्वर की परंपरा महापुरुषों ने नहीं रखी है। वहां पर महंत और श्रीमहंत होते हैं। द्वाराचार्य व अन्य पद होते हैं। यहां पर बहुत महंत, श्रीमहंत लोग भी महामंडलेश्वर लिखकर घूम रहे हैं। बाकी और कोई महामंडलेश्वर बना रहा है या बना हुआ है, वह सब फर्जी हैं। आज आवश्यकता यह है कि अखाड़े आगे आएं और आचार नियमावली बनाएं कि कौन महामंडलेश्वर बना सकता है।