सम्मेलन में महापौर ने प्रस्तुत किया जल प्रबंधन मॉडल
ग्रेटर नोएडा में आयोजित ऑल इंडिया मेयर्स समिट में महापौर गणेश केसरवानी ने प्रयागराज में अपनाए गए जल प्रबंधन मॉडल को प्रस्तुत किया। पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, जल निकासी, वर्षा जल सरंक्षण आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जिसकी सम्मेलन में सराहना हुई। समिट में देश भर से आए महापौर एवं अफसरों ने जल प्रबंधन पर चर्चा की। इसी क्रम में महापौर ने सभी तरह के जल स्रोतों के बारे में बताया।
उनका कहना था कि प्रयागराज के शहरी क्षेत्र की 95 फीसदी आबादी को पाइपलाइन से पेयजल मिल रहा है। उन्होंने नदियों की सफाई, रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम, खराब हो चुके ट्यूबवेल एवं हैंडपंप को वाटर रिसोर्स एवं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में तब्दील करने समेत अन्य योजनाओं पर भी चर्चा की। महापौर ने बताया कि जल प्रबंधन के प्रयागराज के मॉडल को सम्मेलन में काफी सराहा गया।