उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के लिए प्रशिक्षित स्नातक अध्यापक (टीजीटी) के 7950 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आठ एवं नौ मार्च को होगी। परीक्षार्थी आयोग की वेबसाइट www.upsessb.org अथवा एनआईसी की वेबसाइट www.pariksha.up.nic.in से प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
2016 में घोषित टीजीटी के 7950 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन तीन वर्ष बाद हो रहा है। इससे पहले चयन बोर्ड की ओर से टीजीटी-पीजीटी परीक्षा 27,28 एवं 29 सितंबर को होनी थी। चयन बोर्ड की ओर से पूर्व में घोषित कुछ विषयों के पदों का विज्ञापन निरस्त कर देने से परीक्षा तिथि आगे बढ़ानी पड़ी थी। चयन बोर्ड की ओर से छह जून 2016 को टीजीटी के 7950 पदों का विज्ञापन जारी किया गया था।
टीजीटी के 7950 पदों के लिए कुल छह लाख 55 हजार 304 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। उप सचिव एवं परीक्षा नियंत्रक नवल किशोर ने बताया कि वेबसाइट पर प्रवेशपत्र ऑनलाइन कर दिया गया है।
परीक्षार्थी नौ मार्च तक प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेशपत्र डाउनलोड करने में किसी प्रकार की असुविधा की स्थिति में अभ्यर्थी फोन नंबर 05322467743 अथवा मोबाइल नंबर 9161529843 पर संपर्क कर सकते हैं।