सीएम योगी आदित्यनाथ सिर्फ विकास को लेकर ही मोदी के गुणगान पर नहीं रुके। पुलवामा में हुए आतंकी हमले का बदला लेने के लिए पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हुई एयर स्ट्राइक का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी की शान में उन्होंने कहा कि, सवा लाख से एक लड़ाऊं तब गुरु गोविंद नाम कहाऊं। सीएम ने कहा कि पाकिस्तान के कायरों को हमने खदेड़ दिया। उनका एक फाइटर विमान भी मार गिराया। हमें अपने जवानों को सैल्यूट करना चाहिए।
प्रतापगढ़ का विकास सांसद-विधायकों के पुरुषार्थ का परिणाम
चुनावी रंग में डूबे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के सांसद हरिवंश सिंह, कौशाम्बी सांसद विनोद सोनकर के साथ मंत्री मोती सिंह, विधायक धीरज ओझा, संगमलाल गुप्ता की भी मंच से खूब तारीफ की। कहा कि प्रतापगढ़ का विकास यहां के सांसद और विधायकों के पुरुषार्थ का परिणाम है।
जोर से बोलो, यह प्रतापगढ़ की आवाज नहीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण की शुरुआत भारत माता की जय से की और जय हिंद के साथ खत्म किया। भाषण की शुरुआत करते हुए उन्होंने पंडाल में जुटे लोगों से भारत माता की जय के नारे लगवाए। आवाज धीरे आने पर योगी ने कहा यह प्रतापगढ़ की आवाज नहीं है। क्या हो गया है? इस पर भीड़ ने पूरे दमखम के साथ भारत माता की जय के नारे लगाए। इससे सीएम गदगद दिखे।