फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी कौशलेंद्र सिंह पटेल के नामांकन जुलूस के माध्यम से भाजपाइयों ने अपना दमखम दिखाने का पूरा प्रयास किया। चंद्रशेखर आजाद पार्क (कंपनी बाग) में लगी आजाद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद भाजपा प्रत्याशी कौशलेंद्र सिंह पटेल के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सिद्धार्थ नाथ सिंह, आशुतोष टंडन, डा. रमापति शास्त्री, सांसद विनोद सोनकर, मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी आदि नेता एवं कार्यकर्ता पैदल ही कलक्ट्रेट तक गए। रास्ते भर जय श्री राम का उद्घोष करने के साथ पीएम मोदी और सीएम योगी जिंदाबाद के नारे भी लगाए गए। कलेक्ट्रेट में डिप्टी सीएम केशव, सांसद श्यामा चरण गुप्ता भाजपा प्रत्याशी के प्रस्तावक बने। इस दौरान कौशलेंद्र ने चार सेट में अपना पर्चा दाखिल किया।
मंगलवार की सुबह 10 बजे से ही भाजपाइयों का जमघट चंद्रशेखर आजाद पार्क स्थित आजाद प्रतिमा पर लगने लगा। योगी सरकार के कैबिनेट मंत्रियों के आने के बाद कार्यकर्ताओं ने वहां नारेबाजी शुरू कर दी। यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आजाद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद भाजपाई कलक्ट्रेट के लिए बढ़े। हिंदू हास्टल चौराहा, मनमोहन पार्क के रास्ते भाजपाई दिन में 12 बजे के आसपास कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां काफी संख्या में भाजपाई परिसर में प्रवेश कर गए। बाद में नामांकन कक्ष में कौशलेंद्र के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, सांसद श्यामा चरण गुप्ता, पूर्व विधायक प्रभा शंकर पांडेय एवं ब्लॉक प्रमुख कोरांव तुलसीराम सरोज, कुंज बिहारी मिश्र पहुंचे। यहां जिला निर्वाचन अधिकारी सुहास एलवाई के समक्ष अपना पर्चा दाखिल किया। इसके पूर्व वहां कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन कक्ष में होने की वजह से कुछ देर भाजपा उम्मीदवार को इंतजार करना पड़ा। उधर भाजपा के जुलूस में विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, विक्रमाजीत मौर्य, नीलम करवारिया, जमुना प्रसाद सरोज, प्रवीण पटेल के साथ , केशरी देवी पटेल, अरुण अग्रवाल, दीपक पटेल, अवधेश चंद्र गुप्ता, शशि वार्ष्णेय, आनंद सोनकर, आशीष गुप्ता, रविंद्र मिश्र, पवन श्रीवास्तव, देवेंद्र मिश्र, सुबोध सिंह, सुशील मिश्र, शैलू चौधरी आदि मौजूद रहे।