बारा पॉवर प्लांट में प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों को समझाते अधिकारी।
- फोटो : संवाद।
नोएडा में चल रहे मजदूरों के आंदोलन की आग प्रयागराज पहुंच गई है। प्रयागराज पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (पीपीजीसीएल) के बारा पावर प्लांट में कार्यरत मजदूरों ने न्यूनतम मजदूरी समेत अन्य मांगों को लेकर कार्य ठप कर दिया। कंपनी के मजदूर अपनी मांगों को लेकर अड़ गए। उपजिलाधिकारी बारा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी और पावर प्लांट के कर्मचारियों के आश्वासन के बाद धरना खत्म किया गया।
बुधवार सुबह लगभग 10 बजे पीपीजीसीएल बारा पावर प्लांट अंतर्गत कई कंपनियों में कार्य कर रहे मजदूरों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान श्रेणीवार किया जाए। प्रत्येक महीने में 26 दिन कार्य दिवस हो तथा चार दिन अवकाश दिया जाए। आज की हड़ताल के संबंध में किसी पर कोई कार्यवाही ना किया जाए। ओवर टाइम कार्य करने पर डबल भुगतान किया जाए। प्रतिमाह भुगतान की अंतिम तिथि 10 तारीख रखी जाए। कर्मचारियों को प्रत्येक महीने भुगतान प्रतिलिपि प्रदान की जाए। रविवार को छोड़कर वार्षिक रूप में 21 दिन का अतिरिक्त अवकाश प्रदान किया जाए। पीएफ और ईएसआईसी कार्ड सभी कर्मचारियों को एक हफ्ते में प्रदान किया जाए। इसके अलावा इनसे संबंधित नोटिस तीन दिन के अंदर चस्पा कर दिया जाए। उक्त मांगों को लेकर मजदूरों एवं कंपनी के बीच लगभग चार घंटे वार्ता चली।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रतिमा मौर्या, अमिता शुक्ला और उप जिला अधिकारी बारा प्रेरणा गौतम के साथ कंपनी के कर्मचारियों ने आश्वासन दिया कि आपकी सभी मांगे जायज हैं और आपकी सभी मांगों को पूरा किया जाएगा। एक सप्ताह के अंदर आप लोगों को वेतन, अवकाश, पीएफ फंड एवं ईएसआई कार्ड जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी आश्वासन पर मजदूरों ने धरना समाप्त कर दिया मौके पर एडीडीसीपी यमुनानगर विजय आनंद, नायब तहसीलदार राकेश कुमार यादव, सहायक पुलिस आयुक्त बारा वेदव्यास मिश्र, सहायक पुलिस आयुक्त कौंधियारा, थाना अध्यक्ष शंकरगढ़ सुशील कुमार दुबे, थाना घूरपुर, थाना बारा, थाना लालापुर, थाना कौधियारा, थाना खीरी के थानाध्यक्ष मय फोर्स मौजूद रहे।