इलाहाबाद विश्वविद्यालय परिसर को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में एक और कार्रवाई की गई है। इसके तहत विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है जिसे जल्द ही लागू किया जा सकता है। पुलिस व विवि अफसरों की संयुक्त कमेटी की ओर से तैयार यह योजना फिलहाल कुलपति के पास भेजी गई है।
पूर्व छात्र रोहित शुक्ला की पीसीबी हॉस्टल में हुई हत्या के बाद हाईकोर्ट ने पुलिस व विवि अफसरों को तलब कर लिया था। साथ ही विवि व हॉस्टल परिसर में आपराधिक घटनाएं रोकने के लिए की गई कार्रवाईयों व इसके लिए बनाई गई कार्ययोजना भी मांगी थी। जिसके बाद हॉस्टलों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे हटवाए गए।
इस कार्रवाई के बाद विवि अफसरों व पुलिस की संयुक्त कमेटी ने विवि परिसर को अपराधमुक्त करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। कमेटी में क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज, एसीएम फर्स्ट, इंस्पेक्टर के साथ ही प्रॉक्टर व रजिस्ट्रार शामिल हैं। फिलहाल कार्ययोजना कुलपति के पास अनुमोदन के लिए भेज दी गई है।
कार्ययोजना के प्रमुख बिंदु
1- दो शैक्षणिक परिसर यानी विज्ञान व कला संकाय परिसर की चहारदिवारी की ऊंचाई 10 फीट होगी।
2- यूनियन हाल, बैंक में आने जाने के लिए विवि से अलग रास्ता बनाया जाएगा।
3- परिसर में सिर्फ दो गेटों से प्रवेश व निकास की अनुमति दी जाएगी।
4- प्रवेश द्वारा पर गारद रूम बनेगा, साथ ही यहां सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे।
5- विवि के छात्र-छात्राओं को परिचय पत्र से ही प्रवेश मिलेगा। अन्य लोगों के लिए अल्प अवधि का पास जारी होगा।
6- संपूर्ण परिसर में धरना-प्रदर्शन व पोस्टर बैनर इत्यादि लगाने पर रोक होगी।
7- लाइब्रेरी रात नौ बजे तक ही खोली जाएगी।
हॉस्टलों के लिए अलग योजना
कमेटी ने हॉस्टलों के लिए अलग कार्ययोजना तैयार की है। इनमें से कुछ बिंदु तो वही हैं जो शैक्षिक परिसरों के लिए बनाई गई कार्ययोजना में शामिल किए गए हैं। हालांकि कई अन्य बिंदु भी जोड़े गए हैं। इनमें से मुख्य हॉस्टल परिसर में चारपहिया वाहनोें का प्रवेश निषेघ करने, खाना मेस में ही खाने, 10 बजे के बाद प्रवेश निषेध करने समेत अन्य बिंदु शामिल हैं। इसमें एक बिंदु यह भी है कि हॉस्टल अधीक्षक हर हफ्ते लिखित रूप से विवि प्रशासन को अवगत कराएंगे कि उनके छात्रावास में कोई भी अवैध रूप से नहीं रह रहा।
मुकदमों में चार्जशीट लगने पर होगा निष्कासन
पुलिस ने बताया कि इसके अलावा कार्ययोजना में आपराधिक रिकॉर्ड वाले छात्रों के बारे में भी कुछ बिंदु तैयार किए गए हैं। इसके तहत तय किया गया है कि किसी भी छात्र के खिलाफ दर्ज मुकदमे में चार्जशीट लगने पर उसको तत्काल प्रभाव से विवि से निष्कासित कर दिया जाएगा। इसके अलावा गंभीर धाराओं के मुकदमों में नामजद छात्रों के खिलाफ चार्जशीट लगने पर उनकी पूर्व की डिग्रियां भी निरस्त कर दी जाएंगी।