घुइसरनाथ धाम में पुल से नदी में महिला के कूदने के बाद मौके पर जुटे परिजन।
- फोटो : PRATAPGARH
स्थानीय बाजार स्थित पुल से महिला ने उफनाई सई नदी में छलांग लगा दिया। महिला के नदी में कूदते ही हड़कंप मच गया। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही वह गहरे पानी डूब गई। शाम तक तलाश के बाद भी महिला को कोई सुराग नहीं लग सका। दिन भर स्थानीय गोताखोर नदी में उसे खोजने के लिए डूबते उतराते रहे।
सांगीपुर थाना क्षेत्र के बाबा घुइसरनाथ धाम बाजार में लालगंज-सांगीपुर मार्ग पर सई नदी का पुल है। सोमवार की सुबह छह बजे एक महिला पहुंची और पुल से उफनाई सई नदी में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसकी उम्र 30 वर्ष है और वह पीले रंग की साड़ी पहने थी। महिला के पुल से छलांग लगाते ही लोग दौड़े, लेकिन देखते ही देखते वह पानी में समा गई। जानकारी पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची ओर स्थानीय गोताखोरों की मदद से सई के जल में महिला की तलाश शुरू की गई।
शाम तक महिला की तलाश की जाती रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। घटना की जानकारी पर गारापुर निवासी धन्नू देवी नाम की एक महिला भी मौके पर पहुंची। उसने बताया कि उसकी बहू गायत्री कल शाम मामूली विवाद के बाद घर से गायब है। लोगों ने जो हुलिया व पहनावा बताया, उसके हिसाब से सई में छलांग लगाने वाली महिला उसकी बहू ही है।
हालांकि अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है। देर शात तक सई में महिला की खोजबीन जारी रही। सांगीपुर एसओ ने बताया कि गारापुर से आए लोग छलांग लगाने वाली महिला को परिवार की बहू बता रहे हैं। लेकिन जब तक उसका कोई सुराग नहीं लगता तब तक कुछ कहा नही जा सकता। तलाश के लिए प्रयागराज से गोताखोरों को बुलाया गया है।
लापरवाही से 12 घंटे बाद भी नहीं पहुंचे गोताखोर
घुइसरनाथ धाम। सई नदी के पुल से महिला ने सुबह छह बजे छलांग लगाई। जानकारी पर पुलिस पहुंची और स्थानीय गोताखोरों को उसकी तलाश में लगा दिया। पुलिस को दावा था कि प्रयागराज से विशेषज्ञ गोताखोरों को बुलाया गया है, लेकिन घटना के 12 घंटे बीत जाने के बाद भी यहां कोई नहीं पहुंच सका। इस लापरवाही के चलते सई में छलांग लगाने वाली महिला का खबर लिखे जाने तक कोई सुराग नही लग सका। इससे लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला।