सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरांयपीथा धनूपुर में बृहस्पतिवार को नसबंदी का ऑपरेशन कराने गई महिला की अचानक तबीयत खराब हो गई। सीएचसी के डॉक्टरों ने उसे एसआरएन रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने पर महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार की शाम पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर सीएचसी पहुंच गए और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर विधायक हंडिया समेत अन्य अफसर मौके पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद परिजन शव लेकर हटे।
हंडिया थाना क्षेत्र के करारी भदैली गांव निवासी नंदलाल बिना की बेटी रीना (28) की शादी भदोही के थाना सुरियावां के गांव बिसौली कृपालपुर निवासी जयशंकर बिंद के साथ हुई थी। दंपती को तीन बच्चे शिवांश (14), आदित्य (7) और सौरभ (तीन माह) हैं। नसबंदी का ऑपरेशन कराने के लिए वह मायके आई हुई थी।
बृहस्पतिवार को सीएचसी सरांयपीथा धनूपुर आयोजित नसबंदी कैंप में रीना पहुंची थी। डॉक्टरों के मुताबिक, ऑपरेशन के पहले ही उसकी अचानक तबीयत खराब होने लगी। हालत बिगड़ी तो उसे एसआरएन रेफर किया गय। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर सीएचसी पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने जमकर हंगामा किया। उसका शव लेकर परिजन सीएचसी पहुंचकर परिसर में डॉक्टरों की लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग करके हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी हंडिया रावेंद्र कुमार सिंह, एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय और कोतवाल नितेंद्र कुमार शुक्ला भी मौके पर पहुंच गए।
हंगामा होता देख अफसर लोगों को समझाने की कोशिश करने लगे। लेकिन, परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। विधायक हंडिया हाकिमलाल बिंद ने अधिकारियों और पीड़ित परिवार से बात की। परिजनों को तीन लाख की आर्थिक मदद और बच्चों की देखरेख के लिए प्राथमिकता से सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया। इसके बाद मृतका के परिजन शांत हुए।
विधायक ने कहा कि सरकार से मिलने वाली सुविधाओं को भी परिजनों को दिलाया जाएगा। उपजिलाधिकारी हंडिया रावेंद्र कुमार सिंह कहा कि सरकारी मानक के अनुरूप पीड़ित परिवार की पूरी मदद की जाएगी।
वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीके मिश्रा ने कहा कि महिला को ऑपरेशन थियेटर ले जाने के पहले ही घबराहट होने लगी और वह जमीन पर गिर पड़ी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एसआरएन रेफर किया गया था।