हंडिया के बरौत निवासी अजमतुन (42) पत्नी मोहम्मद मुस्तफा की रविवार दोपहर दो बजे मौत हो गई। मृतका की बेटी शहनाज बानो पत्नी जैनुल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी मां को पिता व परिवार के अन्य लोग परेशान करते थे। उसका कहना है कि मां को उसने करीब आठ महीने तक ससुराल बीजापुर थाना विंध्याचल, मिर्जापुर में रखा था।
शहनाज बानो के मुताबिक, चार दिन पहले उसके पिता मोहम्मद मुस्तफा घर पहुंचे और उसकी मां को लेकर गांव चले गए। बेटी ने पिता पर मां की हत्या का आरोप लगाया है। मामले की जांच की मांग की है।
वहीं, पिता मोहम्मद मुस्तफा, ससुर सलाउद्दीन उर्फ बनारसी और सास आसमा बेगम ने हत्या के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि अजमतुन की तबीयत काफी दिनों से खराब चल रही थी और उसका इलाज भी चल रहा था। रविवार को बीमारी के चलते उसकी मौत हो गई।
सूचना पर थाना प्रभारी हंडिया ओमप्रकाश पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा। परिजनों से पूछताछ की गई है लेकिन बेटी मां की हत्या किए जाने की बात कह रही है। मामले की जांच की जा रही है।