फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj News: खेत में लगी झटका मशीन की चपेट में आने से महिला की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
नवाबगंज थाना क्षेत्र के डेरवा गांव में रविवार शाम चार बजे घास काटने गई महिला खेत में लगाई गई झटका मशीन की चपेट में आ गई। मौके पर ही वह अचेत हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन

पुलिस ने देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के बेटे ने दो लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं, आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
डेरवा निवासी उमा देवी (45) पत्नी त्रिभुवन सरोज मवेशियों के चारे के लिए घास काटने खेत गई थीं। खेत में फसल की सुरक्षा के लिए खेत मालिक ने झटका मशीन से तारों में करंट दौड़ाया था। घास काटते समय उमा देवी तार के संपर्क में आ गईं। करंट का झटका इतना तेज था कि वह वहीं अचेत हो गईं। आननफानन उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन

मृतका के बेटे सूरज कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि खेत स्वामी ने अवैध तरीके से तारों में तीव्र बिजली का करंट प्रवाहित किया था। जिस वजह से हादसा हुआ।
थाना नवाबगंज प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के पुत्र सूरज कुमार की तहरीर पर हरी तिवारी व पप्पू सेन पर एफआईआर दर्ज की गई है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

अफसरों को बुलाने पर अड़े, 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद की मांग

देर शाम पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। वह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग और पुलिस कमिश्नर व डीएम को मौके पर बुलाने पर अड़े रहे। उनका कहना है कि जब तक अफसर नहीं आते हैं वह शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द फरार आरोपियों को पकड़ा जाए। मृतका के बेटे को सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।
पहले भी हो चुके हैं हादसे


ग्रामीणों ने बताया कि झटका मशीन की चपेट में आने से इसके पहले भी हादसे हो चुके हैं। दो गोवंशों की मौत झटका मशीन की चपेट में आने से हुई है। बावजूद इसके जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
विज्ञापन


परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

उमा देवी की मौत के बाद उनके बेटों आकाश (22), सूरज (24) और बेटी ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोगों में गम और गुस्सा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें