छात्रावास परिसर गेट पर जारी रहा क्रमिक अनशन
ऑटा के पूर्व अध्यक्ष ने दिया आंदोलन को समर्थन
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के कुलपति की बर्खास्तगी की मांग को लेकर महिला हॉस्टल के बाहर छात्राओं का क्रमिक अनशन दसवें दिन, रविवार को जारी रहा। इस दौरान संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से प्रियदर्शनी हॉस्टल की छात्राओं के लिए एक घंटे का काउंसलिंग सेशन चलाया गया। तय हुआ कि सोमवार को दोपहर एक बजे अनशन स्थल पर ‘भारत के संविधान की मूलभूत संरचना’ विषय पर व्याख्यान आयोजित किया जाएगा।
काउसंलिंग सेशन में राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व काउंसलर अंशू ने कहा कि जेंडर वॉयलेंस को अपनी अंतरात्मा पर न लें, बल्कि जैसे अन्य अपराधों का मुकाबला किया जाता है, वैसे ही इसका मुकाबला करें। भय की काल्पनिक दुनिया से बाहर आएं। समानता मांगने नहीं, महसूस करने से मिलती है। इस दौरान अंशू ने छात्राओं के कई सवालों का जवाब दिया। वहीं, ऑटा के पूर्व अध्यक्ष प्रो. राम किशोर शास्त्री समेत ओडी सिंह, डॉ. आशीष मित्तल, एडी जादौन, विवेक शुक्ला ने अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। इस मौके पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ऋचा सिंह समेत सूरजभान सिंह, सत्यम सिंह सनी, अदनान, रोहित यादव, संपदी वर्मा प्रॉक्टर, प्रशांत समाजसेवी, अजय सम्राट, सत्यम कुशवाहा, जितेंद्र धनराज, अंकित कुमर, राहुल पांडेय, अजय पांडेय आदि मौजूद रहे।