इस बार अर्द्धकुभ-2019 मेले का दायरा व्यापक होगा। वर्ष 2013 में लगा कुंभ मेला जहां 15 से 16 किलोमीटर के एरिया में लगा था तो वहीं वर्ष 2019 में संगम नगरी में लगने वाला अर्द्धकुंभ मेला 30 किलोमीटर के दायरे में लगा। सूबे के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना का कहना है कि इस बार के अर्द्ध कुंभ मेले को यादगार बनाना है।
पिछली बार नौ करोड़ लोग मेले में आए थे, इस बार 12 करोड़ लोगों के अर्द्ध कुंभ मेले में आने का अनुमान है। परेड ग्राउंड में अर्द्ध कुंभ मेला से जुड़े कार्यक्रमों का शिलान्यास एवं किसान की कर्जमाफी के प्रमाणपत्र वितरण समारोह में नगर विकास मंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2013 में लगे कुंभ मेले के मुकाबले इस बार अर्द्ध कुंभ मेले में बृहद स्तर पर सुविधाएं दी जाएंगी।
सरकार ने मेले के लिए 2500 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है। मेले से जुड़े कार्यों की मॉनीटरिंग के लिए मुख्यमंत्री ने अलग से एक कमेटी भी बनाई है। इसमें अनुभवी लोग रखे गए हैं। ताकि कहीं कोई गड़बड़ी है तो उसे समय रहते दुरुस्त कर लिया जाए।