बाट माप विभाग की टीम ने सोमवार को शहर के कई प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। घटतौली, एमआरपी से अधिक कीमत पर कोल्ड ड्रिंक बेचने और अन्य गड़बड़ियों पर विभागीय टीम ने आधा दर्जन प्रतिष्ठानों का चालान कर दिया। अचानक पड़े छापे से प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया और आसपास की दुकानों के शटर गिरने लगे।
बाट माप विभाग के प्रभारी अधिकारी एनपी दुबे के नेतृत्व में निरीक्षक अजीत कुमार एवं टीम के अन्य सदस्यों ने पिज्जा हट की जांच की तो वहां इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन का प्रमाणपत्र नहीं मिला। इस पर टीम ने प्रतिष्ठान का चालान कर दिया। वहीं, हनुमान निकेतन सिविल लाइंस के पास बनारसी अग्रवाल स्वीट्स पर छापेमारी के दौरान घटतौली का मामला पकड़ा गया। जांच में पाया गया कि एक किलो मिठाई में 60 ग्राम की घटतौली की जा रही थी। इस पर दुकान का चालान कर दिया गया।
इसके अलावा राजापुर में प्रिया स्वीट्स में एक किलो में 30 ग्राम की घटतौली पर चालान किया गया। अल्लापुर में इंडेन गैस सर्विस के हॉकर राजेश के पास मिले सिलेंडर में डेढ़ किलो की घटतौली पकड़ी गई। हॉकर का भी चालान कर दिया गया जबकि हेड पोस्ट ऑफिस सिविल लाइंस के पास एसके शॉप में 10 रुपये की कोल्ड ड्रिंक 13 रुपये में बेचने पर प्रतिष्ठान का चालान किया गया। वहीं, ड्रमंड रोड स्थित अशोक जनरल स्टोर में टेस्ट बाट न पाए जाने, ऋषभ स्टोर में चने के पैकेट पर निर्माता का नाम-पता अंकित न होने और म्योराबाद चौराहे पर संजय कुमार-संदीप कुमार पेंट, सीमेंट विक्रेता के यहां इलेक्ट्रॉनिक मशीन न पाए जाने पर इन प्रतिष्ठानों का भी चालान कर दिया गया।
हीरा हलवाई से लिया खोवा का नमूना, कराई जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को कई प्रतिष्ठानों पर छापेमार कर खोवा सहित कई खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजा। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सीएल यादव खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद वर्मा, डॉ. तूलिका शर्मा, प्रदीप कुमार, प्रमोद कुमार एवं योगेश राय की टीम ने सिविल लाइंस में हीरा हलवाई प्रतिष्ठान से खोवा एवं छेना मिठाई, खोवा मंडी कटरा में रामधन एवं बड़ेलाल विक्रेता से खोवा का एक-एक नमूना, न्यू मुन्ना स्वीट हाउस अल्लापुर से खोवा का एक, लाल स्वीट हाउस अल्लापुर से छेना मिठाई का एक, वैश्य किराना अल्लापुर से चना दाल का एक, महक मिष्ठान भंडार नैनी से पेड़ा का एक, रामकेर मिष्ठान नैनी से लड्डू का एक, नैनी खोवा मंडी में राजेंद्र प्रसाद साहू विक्रेता से खोवा का एक और सुभाष किराना नैनी से सब्जी मसाले का एक नमूना लेकर जांच के लिए विभागीय प्रयोगशाला में भेजा गया।