लालापुर। नौडिया तरहार गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में लगे खंभे में रखा गया ट्रांसफार्
क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर शिक्षा व बिजली विभाग बेखबर हैं। परिसर से हाई वोल्टेज तार गुजरने के साथ ही वहां लगे खंभे पर ट्रांसफार्मर रखा गया है। यह लापरवाही किसी दिन बड़े हादसे का कारण बन सकती है। शिकायत के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई।
लालापुर थाना क्षेत्र के नौडिया तरहार गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के ऊपर से हाई वोल्टेज बिजली गुजरी है। साथ ही वहां बिजली के कई पोल लगाए गए हैं। जिस पर ट्रांसफार्मर भी रखा गया है। यहां पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों ने कई बार तार व खंभा हटाने को लेकर डीएम सहित विभाग के अधिकारियों से पत्राचार किया। लेकिन, अधिकारी इसे लेकर बेखबर बने हुए हैं। ग्राम प्रधान जाह्नवी व प्रधान प्रतिनिधि सूरज शुक्ल ने उपजिलाधिकारी बारा को शिकायती पत्र देकर विद्यालय से तार व खंभे हटाने की मांग की है। बताया कि चार वर्ष से लगातार विद्यालय से खंभा और तार हटाने को लेकर जिलाधिकारी सहित विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखा गया। लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। लालापुर उपकेंद्र के जेई को भी अवगत कराया गया, लेकिन उनसे भी आश्वासन ही मिला। विद्यालय खुलने से पहले और लंच टाइम में छात्र इन्ही खंभों से खेलते नजर आते हैं। बरसात के दिनों में कई बार हादसे होने से बचे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
विद्युत उपकेंद्र लालापुर के जेई शिवधर यादव ने बताया कि विद्यालय में हाई वोल्टेज तार व खंभा लगा है। कई बार तार व खंभा हटाने के लिए सर्वे किया गया। परंतु शिफ्टिंग करने के लिए गांव वाले जमीन देने को तैयार नहीं हैं।
लालापुर। नौडिया तरहार गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में लगे खंभे में रखा गया ट्रांसफार्