जिला न्यायालय में 31 तक शीतकालीन अवकाश
प्रयागराज। जिला न्यायालय में 31 दिसंबर तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। एक जनवरी 2022 को न्यायालय खुलेगा। शनिवार 25 दिसंबर को क्रिसमस का अवकाश रहेगा और 26 दिसंबर से लेकर 31 दिसंबर तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। इस तरह एक जनवरी 2022 शनिवार को नए साल में जिला न्यायालय न्यायिक कार्य के लिए खुलेगा। संवाद
डॉक्टर बंसल हत्याकांड - शूटर मोहम्मद शोएब की जमानत अर्जी खारिज
प्रयागराज। जिला न्यायालय डॉ. एके बंसल की हत्या में शूटर मोहम्मद शोएब की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। अभियुक्त की जमानत अर्जी खारिज करते हुए न्यायालय ने कहा कि यह डॉ. एके बंसल के परिजनों के विरुद्ध कारित अपराध ही नहीं अपितु सामान्य जनमानस एवं कानून व्यवस्था के विरुद्ध किया गया अपराध है।
यह आदेश जिला जज नलिन कुमार श्रीवास्तव ने डीजीसी गुलाब चंद्र अग्रहरि और बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं को सुन कर दिया है। घटना 12 जनवरी 2017 की कीडगंज थाने की है। वादी प्रवीण कुमार बंसल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके छोटे भाई अश्वनी कुमार बंसल रोज की तरह ओपीडी में मरीज देख रहे थे तभी अज्ञात व्यक्ति ने आकर डॉक्टर बंसल की कनपटी पर गोली मार दी थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। इस प्रकरण में अभियुक्त बनाए गए मोहम्मद शोएब की ओर से प्रस्तुत जमानत अर्जी पर कोर्ट में सुनवाई की गई। बचाव पक्ष की ओर से तर्क दिया गया कि प्रथम सूचना रिपोर्ट में अभियुक्त नामजद नहीं है। अभियुक्त का नाम विवेचना के दौरान सहअभियुक्त के बयान के आधार पर सामने आया है। अभियुक्त की ओर से कहा गया है कि सहअभियुक्त अबरार उल्लाह उर्फ अबरार खान के बयान के अलावा उसके खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं है। उसे झूठा फंसाया गया है। घटना में उसकी कोई भूमिका नहीं है। अभियोजन की ओर से डीजीसी ने जमानत प्रार्थना पत्र का विरोध करते हुए कोर्ट को बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल हो चुका है। अभियुक्त ने सहअभियुक्त गण मोहम्मद यासिर और मकसूद के साथ मिलकर डॉॅ. एके बंसल की भाड़े पर हत्या की है। अपराध की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने जमानत अर्जी खारिज कर दी है।
नवनीत सिंह बने स्पेशल कोर्ट के मजिस्ट्रेट
प्रयागराज। जिला न्यायालय में एमपी, एमएलए के विरुद्ध लंबित मुकदमों की सुनवाई के लिए स्पेशल मजिस्ट्रेट कोर्ट की स्थापना की गई है। स्थापित की गई मजिस्ट्रेट कोर्ट में सुनवाई के लिए अपर सीजेएम नवनीत सिंह को नियुक्त किया गया है। जिला जज नलिन कुमार श्रीवास्तव ने हाईकोर्ट के आदेश के क्रम में कोर्ट का गठन किया है, जिसमें पूर्व सांसद अतीक अहमद, पूर्व विधायक खालिद अजीम उर्फ अशरफ,, विधायक विजय मिश्र, पूर्व विधायक सईद अहमद, पूर्व विधायक विजमा यादव, राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी सहित अन्य क्षेत्राधिकार वाले जिलों के मामले की पत्रावली की सुनवाई की जाएगी।