इलाहाबाद। इलाहाबाद में मेट्रो रेल चलाने की महापरियोजना पर काम काम सोमवार से शुरू होगा। सबसे पहले इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। इसके लिए इलाहाबाद विकास प्राधिकरण और राइट्स कंपनी के बीच समझौता हुआ है। पहले चरण में 35 किलोमीटर का डीपीआर तैयार किया जाएगा। एडीए प्रति किलोमीटर डीपीआर पर 10 लाख रुपये भुगतान करेगी।
राइट्स कंपनी इलाहाबाद में यातायात प्रबंधन की दृष्टि से डीपीआर तैयार करेगी। एडीए ने आठ वर्ष पहले ही पश्चिमी से पूरब और उत्तर से दक्षिण में दो-दो रूटों पर कुल 89 किलोमीटर की मेट्रो रेल परियोजना का रूट प्लान तैयार किया था। एडीए उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि पहले चरण में कंपनी 35 किलोमीटर का डीपीआर तैयार करेगी। कंपनी को प्रत्येक किलोमीटर के डीपीआर के लिए 10 लाख रुपये भुगतान किया जाएगा। इसके लिए 3.50 करोड़ रुपये निर्धारित है। प्रयास होगा कि डीपीआर इससे ज्यादा हिस्से का तैयार हो।
00
मेट्रो ट्रेन के लिए प्रस्तावित रूट
रूट नंबर एक : पश्चिम-पूर्व में 30.20 किलोमीटर के रूट में मनौरी टर्मिनल, एयरफोर्स स्टेशन बमरौली, ट्रांसपोर्ट नगर, हरवारा, सुलेमसराय, चौफटका, हाईकोर्ट, इलाहाबाद जंक्शन, सिविल लाइंस बस स्टेशन, पीडी पार्क, केपी इंटर कॉलेज, तुलारामबाग, संगम होकर झूंसी में गोविंद ोबल्लभ पंत संस्थान, न्याय नगर होकर त्रिवेणीपुरम चक हरिवन टर्मिनस तक शामिल हैं।
रूट नंबर दो : उत्तर-दक्षिण में 40.20 किलोमीटर के इस रूट में इलाहाबाद बाईपास टर्मिनल जलालपुर-प्रतापगढ़ रोड क्रासिंग से शांतिपुरम, फाफामऊ रेलवे स्टेशन, एमएनएनआईटी, गोविंदपुर, आईईआरटी, प्रयाग स्टेशन, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, आनंद भवन, टैगोर टाउन, सोहबतियाबाग, कीडगंज होकर यमुना पार नैनी रेलवे स्टेशन, आईटीआई इंडस्ट्रीज, यूपीएसआईडीसी होकर करछना कोहारा क्रासिंग टर्मिनल तक शामिल हैं।
रूट नंबर तीन : पश्चिम-पूर्व में 7.70 किलोमीटर के इस रूट में सुबेदारगंज टर्मिनस, चौफटका, लूकरगंज, खुसरोबाग, नूरुल्ला रोड क्रासिंग, खुल्दाबाद, चौक कोतवाली, सराफा बाजार, होकर कीडगंज टर्मिनल तक।
रूट नंबर चार : उत्तर-दक्षिण में 10.70 किलोमीटर के इस रूट में एसटीपी महेवापट्टी टर्मिनल, एग्रीकल्चर इंस्टीट्यूट, मामा भांजा क्रासिंग, सीओडी गेट, इरादतगंज टर्मिनल तक शामिल हैं।