एनआईटी की ओर से आयोजित निमसेट की परीक्षा के दौरान मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रोद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) केंद्र में एक छात्रा का आईकार्ड फर्जी बताने पर हंगामा हो गया। छात्रा ने कक्ष निरीक्षक पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
एमएनएनआईटी परीक्षा केंद्र में बड़ी संख्या में कानपुर से छात्र एमसीए की प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक थी। इस बीच परीक्षा में शामिल कानपुर से आई छात्रा शैफाली मिश्रा के पास कक्ष निरीक्षक पहुंचे और कहा कि उसका आधार कार्ड फर्जी है और उसे परीक्षा से डिबार कर दिया जाएगा। इस पर छात्रा ने परीक्षा नियंत्रक से संपर्क करना चाहा ताकि उन्हें बता सके कि अन्य परीक्षाओं में भी उसने यही ई-आधार कार्ड लगाया था और परीक्षा भी दी। छात्रा ने प्रबंधन से भी कक्ष निरीक्षक की शिकायत की लेकिन उसे उचित जवाब नहीं मिला। छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन देकर कक्ष निरीक्षक पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। परीक्षा के बाद उसके साथ आए अन्य परीक्षार्थी केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए लेकिन वहां भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। कुछ देर तक चले हंगामे के बाद परीक्षार्थी वहां से चले गए।