प्रयागराज के बारा थाना क्षेत्र के पांडर कोटवारन के पूरा में बीते शनिवार को भोला कन्नौजिया (30) की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
प्रयागराज के बारा थाना क्षेत्र के पांडर कोटवारन के पूरा में बीते शनिवार को भोला कन्नौजिया (30) की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि भोला को पत्नी के अवैध संबंधों के बारे में पता चला तो दोनों ने मिलकर मफलर से गलाघोंट कर उसकी हत्या कर दी।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रूपा ने बताया कि पति भोला नशेड़ी था और आए दिन शराब के नशे में मारपीट करता था। इसी बीच पड़ोस के रहने वाले आशीष कन्नौजिया से उसके प्रेम संबंध हो गए। भोला को इसकी जानकारी हुई तो आए दिन घर में विवाद होने लगा। शनिवार को जब भोला शराब पीकर घर आया तो फिर से विवाद हुआ, जिसके बाद वह सो गया। इसके बाद पति को रास्ते से हटाने के लिए रूपा ने प्रेमी आशीष को कमरे में बुलाया और उसी के मफलर से गला कसकर भोला की हत्या कर दी।
वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद प्रेमी मौके से फरार हो गया। घटना को छिपाने के लिए भोला के शव को जमीन पर लिटा दिया। वहीं, बारा थाना प्रभारी तुषार दत्त त्यागी ने बताया कि रूपा और उसके प्रेमी आशीष कन्नौजिया को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन
हमें मम्मी-पापा के पास ले चलो...
वहीं, इस घटना को लेकर गांव के लोग स्तब्ध हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भोला मेहनती और व्यवहार कुशल था। भोला के भाई व अन्य परिजनों ने कहा कि यह कभी सोचा ही नहीं था कि उसकी पत्नी इस हद तक पहुंच जाएगी। वहीं, भोला का तीन वर्षीय बेटा अभ्यास पिता की मृत्यु और मां के जेल जाने के बाद लगातार उनके बारे में पूछ रहा है। रो-रो कर कह रहा है कि उसे मम्मी-पापा के पास ले चलो।