इलाहाबाद (ब्यूरो)। बाजार पर धन बरसने की उम्मीद के साथ पंच पर्व की शुरुआत सोमवार को धनतेरस से होगी। धनतेरस के स्वागत के लिए बाजार पूरी आन-बान और शान के साथ सज-धज कर तैयार है। बर्तन, प्लेटें और छुरियां सब फुलझरियां बन दुकानों से लटक गई हैं। इनके साथ ही दीपावली के लिए इलेक्ट्रानिक आइटमों की मार्केट की उम्मीद भी उफान पर है।
महंगे गैजेट्स, लैपटॉप, टीवी, फ्रिज और वाशिंग मशीन का बाजार अपनी पूरी आभा संग उपभोक्ताओं की जेब भेदने को आतुर है। इन सब के साथ कम आय वर्ग की जेब ढीली कराने के लिए मिठाई, लाई, लावा, चूड़ा और चीनी के खिलौनों की दुकानें भी तैयार हैं। यह दुकानें अधिकांश सड़क पटरी पर लगी हैं जो बाजार में टहल रहे लोगों की निगाह को विराम देने के लिए काफी हैं। इन सब के साथ कपड़ा बाजार भी रंगीन हो गया है। धनतेरस पर बर्तनों की बिक्री सबसे ज्यादा होती है सो चौक, ठठेरी बाजार, बहादुरगंज, जीरो रोड, कटरा, सिविल लाइंस, प्रीतमनगर आदि क्षेत्रों में इनकी दुकानें सज गई हैं। ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों से मुुकाबला करने के लिए कपड़ों की खरीद पर तमाम तरह के ऑफर भी दिए जा रहे हैं।
धनतेरस पर घरेलू इस्तेमाल के लिए हर कोई बड़ा या कीमती सामान नहीं खरीद सकता सो बर्तनों की दुकानों में हर वर्ग के लिए सामान उपलब्ध है। फिर चाहे वह चम्मच, कटोरी, गिलास लेने वाले हों या थाली, प्लेट, गैस चूल्हा, ड्रम और ऐसे ही अन्य सामान। दुकानों पर स्टील के बर्तनों की पूरी रेंज उपलब्ध है। इस मौके पर लोग पीतल, तांबे के भी बर्तन खरीदते हैं सो दुकानों में उसका भी इंतजाम है। चौक स्थित बर्तन की थोक मार्केट ठठेरी बाजार में धनतेरस के दो दिन पहले से ही जबरदस्त भीड़ है। यहां फुटकर व्यापारी माल लेने आ रहे हैं। इनके लिए दुकानें रात-दिन खोली जा रही हैं। चौक, कटरा, सिविल लाइंस, अल्लापुर समेत शहर के अन्य इलाकों के बाजारों में बर्तनों की दुकानें रोड पटरी से सड़क तक सज गई हैं।
कपड़े के शोरूमों का भी यही हाल है। दीपावली में नए कपड़े पहन कर पूजा करने और घरों को रंग-रोगन करने के बाद नई चीजों से सजाने का रिवाज है। घरों की साफ-सफाई के बाद बेड शीट, परदे सोफा कवर आदि खरीदने के लिए चौक घंटाघर स्थित संजय मार्केट, जीरो रोड, कटरा के शोरूमों में धनतेरस के दो दिन पहले से ही जबरदस्त भीड़ जुट रही है। सिविल लाइंस में लाइफ स्टाइल, सिटी स्टाइल, पैंटलून, बिग बाजार जैसे शॉपिंग कॉम्प्लेक्सों और रेडीमेड कपड़े के बड़े शोरूम में सस्ते और महंगे कपड़ों से पटे पड़े हैं। इस बीच जींस, शर्ट, जैकेट्स, कुर्ता, बच्चों के डिजाइनर कपड़े, डिजाइनर साड़ियां और सलवार सूट सहित अन्य कपड़ों की डिमांड ज्यादा है।