फाफामऊ पुल के बंद होने पर विकल्प के तौर पीपा पुल से आवागमन होगा। डीपीसी और एडीएम सिटी की अगुवाई में यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी के तहत पीपा पुल को संचालित करने के लिए लोक निर्माण विभाग तथा अन्य विभागों को पत्र लिखा गया है।
फाफामऊ पुल की मरम्मत होनी है। इसके लिए पुल पर डेढ़ से दो महीने के लिए आवागमन रोकना होगा। हालांकि, अभी तारीख तय नहीं हुई है। लखनऊ, प्रतापगढ़ आदि जिलों से आवागमन का यह प्रमुख एवं एकमात्र रास्ता है। ऐसे में पुल पर आवागमन रोकने की तारीख तय करने से पहले सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा का कहना है कि यातायात के सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। पीपा पुल भी चलाने होंगे। इसके लिए संबंधित विभागों को पत्र लिखा गया है। जल्द ही तारीख तय की जाएगी।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, चार अफसरों से जवाब तलब
प्रयागराज। आईजीआरएस पोर्टल पर आई शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर चार अफसरों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा की समीक्षा में पाया गया कि एसडीओ विद्युत हंडिया, हंडिया के ही आपूर्ति निरीक्षक, सोरांव के तहसीलदार एवं एडीओ पंचायत की प्रगति काफी खराब है। इस पर एडीएम सिटी ने इन अफसरों से स्पष्टीकरण तलब किया है।