भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला अध्यक्ष रमीज नकवी के नेतृत्व में बुधवार को ट्रैक्टर तिरंगा रैली निकाली गई। इस दौरान किसानों ने खाद, पानी व बिजली समेत अन्य मुद्दों पर भी आवाज बुलंद की। रैली के समापन पर ज्ञापन लेने के लिए एसडीएम नहीं पहुंचे तो प्रतापपुर ब्लॉक मुख्यालय के सामने फूलपुर-वारी मार्ग पर चक्का जाम कर दिया गया।
विकासखंड प्रतापपुर के मियां का पूरा स्थित भारतीय किसान यूनियन टिकैत के केंद्रीय कार्यालय से बुधवार को ट्रैक्टर रैली निकाली गई, जो तकरीबन 50 किलोमीटर की यात्रा का ब्लॉक मुख्यालय प्रतापपुर में खत्म हुई। इसके बाद सभा में किसानों ने समय से खाद न मिलने, सिंचाई के लिए पानी न मिलने और स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया।
किसान करीब तीन घंटे तक एसडीएम हंडिया को ज्ञापन देने का इंतजार करते रहे लेकिन वह नहीं आए। इसके बाद आक्रोशित किसानों ने तहसील प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रतापपुर ब्लॉक मुख्यालय के सामने फूलपुर-वारी मार्ग पर सड़क पर बैठ गए। सूचना मिलते हैं स्थानीय पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे तक चक्का जाम करने के बाद नायब तहसीलदार हंडिया देवेंद्र सिंह ने किसानों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। तब जाकर किसान सड़क से हटे।
इस मौके पर किसान नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शीघ्र ही किसानों की समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो नौ सितंबर को ब्लॉक मुख्यालय पर बड़ा प्रदर्शन होगा। इस मौके पर भोलानाथ यादव, शब्बीर नेता, मुन्ना, सतवीर भारती, कमलेश यादव, पूजा सिंह, शिव कुमार पटेल आदि मौजूद रहे।
अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा ने निकाली ट्रैक्टर रैली
भारत छोड़ो आंदोलन की याद में बुधवार को अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा और अन्य संगठनों ने जारी मंडी से घूरपुर बाजार तक ट्रैक्टर रैली निकाली। रैली में लोगों ने बहुराष्ट्रीय कंपनियां भारत छोड़ो, कॉर्पोरेट खेती छोड़ो, ट्रंप टैरिफ मुर्दाबाद के नारे लगाए।
सभा में नावों को परमिट देने, मछली पकड़ने के ठेके बंद कर मछुआरों को अधिकार देने, जमीनों की हेराफेरी बंद करने, दलितों पर अत्याचार बंद करने, स्मार्ट मीटर को बंद करने व तीन सौ यूनिट बिजली मुफ्त देने की मांग की गई। साथ ही करछना में अवैध रूप से गिरफ्तार दलितों के सभी मामले वापस लेने की मांग की गई। सभा को डॉ. आशीष मित्तल, हीरालाल, सुरेश निषाद ने संबोधित किया। अध्यक्षता राम कैलाश कुमार कुशवाहा और संचालन राजकुमार ने किया। सभा के अंत में राष्ट्रपति को संबोधित नौ सूत्रीय ज्ञापन एसीपी कौंधियारा को सौंपा।
सड़क व खड़ंजा की मरम्मत को लेकर सौंपा ज्ञापन
भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने सड़क व खड़ंजे मार्ग की मरम्मत समेत नौ सूत्रीय मांगों को लेकर खंड विकास अधिकारी सैदाबाद सुनील कुमार व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह पटेल को ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश की अगुवाई में बलीपुर गांव से ट्रैक्टर लेकर किसान ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे और समस्याओं के तत्काल निस्तारण की मांग की।