पुलिस लाइन स्थित सई काम्प्लेक्स में अपराध समीक्षा बैठक करते डीआईजी कवीन्द्र प्रताप सिंह।
- फोटो : PRATAPGARH
किस बात के थानेदार, खुलासा करो नहीं तो होगे सस्पेंड
अपराध समीक्षा बैठक में डीआईजी ने पट्टी, बाघराय, कंधई व रानीगंज थानाध्यक्ष को लगाई लताड़
10 दिन बाद खुलासा न करने पर लाइन में दिखें
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। किस बात के थानेदार हो, हत्या व लूट की घटनाएं हो गईं हैं। अभी तक खुलासा नहीं कर सके। यदि दस दिन के भीतर खुलासा नहीं करते तो लाइन में नजर आने चाहिए। डीआईजी का रुख देख मातहत सहमे-सहमे नजर आए। करीब तीन घंटे तक थानेदारों की क्लास लगती रही।
पुलिस लाइन के सांई काम्पलेक्स में गुरुवार को डीआईजी कबींद्र सिंह ने सभी थानेदारों की बैठक बुलाई। डीआईजी ने बारी-बारी से थानेदारों से उनके क्षेत्र में अपराध व अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। पट्टी में सराफ गंगा प्रसाद सोनी की लूट के बाद हत्या और बेलारामपुर में किसान विनय सरोज की बेरहमी से कत्ल के मामले में आज तक खुलासा न होने पर डीआईजी भड़क उठे। कुर्सी पर जमे इंस्पेक्टर पट्टी अखिलेश प्रताप सिंह को खड़ा कराकर सवाल जवाब शुरू किया। एसपी अभिषेक सिंह से बोले कि दस दिन के भीतर यदि खुलासा नहीं करते तो लाइन में नजर आएं। इसके बाद बाघराय थानाध्यक्ष की भी क्लास लगाई। कारोबारी की हत्या का आज तक खुलासा न करने पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दिया। कंधई के देवलहा निवासी सेक्रेटरी के बेटे कुलदीप की हत्या के मामले में भी डीआईजी नाराज दिखे। अभी तक घटना की वजह का पता न करने पर डीआईजी का पारा गरम नजर आया। उन्होंने कहा कि घटना का अनावरण होना चाहिए। केवल थानेदार कहलाने से काम नहीं चलने वाला। रानीगंज में पूर्व में लूट व छिनैती की घटनाओं को लेकर थानाध्यक्ष को फटकार लगाई। अन्य थानेदारों को भी चेताया। कहा कि किसी के भी इलाके में गांजा, अवैध शराब नहीं बिकनी चाहिए। असलहा लेकर कोई न चले। चाहे छोटे अपराधी हो या फिर बड़े। सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य है कि जनपद में कानून व्यवस्था का राज स्थापित करने के लिए अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाता रहेगा। अंतू के शराब माफिया को पुलिस द्वारा दी गई क्लीनचिट पर भी सवाल उठा। उन्होंने कहा कि वह मामले को दिखवाएंगे। इस मौके पर एसपी अभिषेक सिंह, एएसपी पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद, एएसपी पश्चिमी दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।